सिरसा: राजस्थान की सीमा पर बसे हरियाणा के गांव जमाल में गंभीर पेयजल संकट
- DSS Admin
- May 17, 2026
सिरसा, 17 मई (हि.स.)। राजस्थान की सीमा पर बसे हरियाणा के गांव जमाल में पेयजल की कमी से त्राहि त्राहि मची हुई है। करीब 15 हजार की आबादी वाले इस गांव के जलघर की डिग्गियां खाली पड़ी हैं और ग्रामीण खरीद कर पानी पी रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रति टैंकर के हिसाब से एक हजार रुपये से लेकर 1300 रुपए वसूले जा रहे हैं। टैंकरों का पानी दूषित है, जिससे बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने रविवार को बताया कि गांव जमाल के नजदीक नहरों में पानी नहीं है और टैंकर चालक 15 किलोमीटर दूर से पानी लेकर आ रहे हैं, जिससे वह किराया भी अधिक वसूल रहे हैं। राजस्थान की सीमा पर बसे हरियाणा के 15 हजार की आबादी और 20 वार्डों वाले गांव जमाल में पिछले 15 -20 दिनों से पेयजल किल्लत को लेकर ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण विक्रम शर्मा, देवीलाल, संदीप कुमार, अशोक कुमार आदि ने बताया कि गांव के जलघर में बनी चार डिग्गियां खाली पड़ी है, जिससे पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है।
पिछले 15 दिनों से ग्रामीणों को पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। गांव में टैंकर चालक बड़ी राशि वसूल करते हैं और वह भी आसपास से गुजरने वाली नहरों से गंदा और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। पिछले कई दिनों से नहरों में पानी नहीं पहुंचने के कारण जहां एक और फसलों की बिजाई नहीं हो रही है वहीं जलघर में पीने के पानी की समस्या विकराल बनी हुई है। गौरतलब है कि अगस्त 2023 में पेयजल संकट को लेकर गांव के दो ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। एक सप्ताह के बाद अधिकारियों द्वारा आश्वासन देने के बाद ग्रामीण टंकी से नीचे उतरे थे।
---------------

