धर्मशाला में तीन अलग अलग पिचों पर खेले जाएंगे आईपीएल के तीनों मुकाबले
- DSS Admin
- May 10, 2026
धर्मशाला, 10 मई (हि.स.)। एचपीसीए के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेले जाने वाले तीन आईपीएल मुकाबले तीन अलग-अलग पिचों पर खेले जाएंगे। हर मुकाबला मैदान की नई पिच में होगा, जिससे हर मैच में नया रोमांच देखने को मिलेगा। वहीं टीमों के अभ्यास के लिए मैदान में दो, जबकि आउटडोर प्रैक्टिस मैदान में सात पिचें उपलब्ध रहेंगी। खिलाड़ी नेट प्रैक्टिस में बल्लेबाजी व गेंदबाजी कर पिचों के मिजाज को भी समझ सकेंगे। धर्मशाला के मैदान में तेज़ गेंदबाजों को रफ्तार के साथ उछाल के साथ बल्लेबाजों को शॉट खेलने में और स्पिनरों को भी मदद मिल पाएगी।
इससे पहले हुए अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैचों, एकदिवसीय व टी-20 सहित आईपीएल मैचों में भी पिचों ने कमाल का खेल दिखाया है। विदेशों की तर्ज पर धर्मशाला की तेज़ पिच विदेशी खिलाड़ियों की भी पंसदीदा रही है।
धर्मशाला स्टेडियम के मैदान में कुल नौ पिचें हैं। मध्य की पांच पिचों को अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए बनाया गया है। इन पिचों में विकेट कैमरा लगाने की व्यवस्था भी है।
उधर, एचपीसीए के पिच क्यूरेटर सुनील चौहान ने कहा कि आईपीएल मैचों के लिए पिच तैयार कर ली गई हैं। खिलाड़ियों को खेलने के लिए अच्छी पिचें मिलेंगी, वहीं मैदान की आउटफील्ड भी बेहतर तरीके से ग्रांउड स्टाफ द्वारा तैयार की गई हैं।
बारिश की स्थिति में मैदान सुखाने को सब-एयर सिस्टम भी तैयार
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में हल्की बारिश होने की स्थिति के बाद मैदान को सुखाने के लिए एडवांस सब एयर सिस्टम लगाया गया है, जो बारिश के बाद मैदान को करीब 15 से 20 मिनट में सुखाकर खेलने के लिए तैयार कर सकता है। वहीं, एचपीसीए के पास अपने सुपर सॉपर भी उपलब्ध हैं। इसमें अहम है कि हल्की बारिश के थमने पर सब-एयर सिस्टम काम कर पूरी तरह से मैदान को पानी सोखकर बाहर डक के माध्यम से निकालता है।

