केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री ने एसईसीएल के कार्य संचालन की समीक्षा की
- DSS Admin
- May 27, 2026

नई दिल्ली, 27 मई (हि.स)। केंद्रीय कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने दक्षिण पूर्वी कोयला क्षेत्र लिमिटेड (एसईसीएल) का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के परिचालन प्रदर्शन, अवसंरचना संबंधी पहलों और भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा की।
कोयला मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि इस दौरे के दौरान कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच राज्य में कोयला उत्पादन, अवसंरचना विकास, रसद संपर्क, ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई।
मंत्रालय के मुताबिक इन चर्चाओं का मुख्य लक्ष्य प्रमुख विकास परियोजनाओं में तेजी लाना, परिचालन सुगम बनाना और कोयला उत्पादक क्षेत्रों में आर्थिक विकास एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच में समन्वय को मजबूती देना था। इस मौके पर उन्होंने कोयला क्षेत्र के विकास के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिए जा रहे निरंतर समर्थन की सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि सहयोगात्मक दृष्टिकोण से राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में राज्य का योगदान और अधिक मजबूत होगा।
कोयला मंत्रालय के मुताबिक एसईसीएल मुख्यालय के अपने दौरे के दौरान सतीश चंद्र दुबे ने व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में कोयला के उत्पादन, ढुलाई, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, डिजिटलीकरण पहल, पर्यावरण स्थिरता उपायों, कोयला गैसीकरण परियोजनाओं, खदान बंद करने की गतिविधियों, सीएसआर पहल और कंपनी की भविष्य की कार्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
मंत्रालय के मुताबिक इस अवसर पर एसईसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरीश दुहान ने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान एसईसीएल ने कोल इंडिया के 100 मिलियन टन के संचयी उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त करने में 26.86 मिलियन टन का सर्वोच्च योगदान दिया है। उन्होंने कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एसईसीएल की प्रतिबद्धता को दोहराया। इस बैठक में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहान, कार्यात्मक निदेशक, मुख्य सतर्कता अधिकारी, कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और एसईसीएल के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------

