केंद्र सरकार की कमजोर नीतियों चलते अमेरिका ने किया भारतीयों का अपमान : कांग्रेस नगर अध्यक्ष

कानपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका द्वारा अप्रवासी भारतीयों को कैदी के रूप में माल वाहक जहाज में बैठाकर भारत भेजना यह उन अप्रवासी भारतीयों की नहीं बल्कि देश के 130 करोड़ देशवासियों का अपमान है। इसके लिए पूरी तरह से भाजपा सरकार जिम्मेदार है। केंद्र सरकार की कमजोर नीतियों और अमेरिका के ट्रंप के आगे नतमस्तक होने के कारण ही इस अपमान को सहना पड़ रहा है। यह बातें शनिवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान कही।

अमेरिका द्वारा भारतीयों के साथ किये जा रहे दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कांग्रेस पार्टी के दर्जनों सदस्य हथकड़ी-बेड़ियां डालकर सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कचहरी स्थित चेतना चौराहे से कलेक्ट्रेट मुख्यालय गेट के बाहर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रसाशनिक अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति ने नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नगर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने कहा कि भारत सरकार की कमजोर नीतियों के ही कारण अमेरिका भारतीयों को अमानवीय यातनाएं देने के बाद भारत भेज रहा है। आगे उन्होंने कहा कि जब-जब भाजपा की सरकार बनी है। तब-तब भारत का अपमान हुआ है। फिर चाहे वह जॉर्ज फर्नांडिस का प्रकरण हो जिसमें एयरपोर्ट में उनकी जांच के नाम पर सारे कपड़े उतरवा लिए गए थे। ठीक उसी तरह की स्थिति दोबारा देखने को मिली। जबकि भारत सरकार चाहती तो अपना जहाज भेज कर अप्रवासी भारतीयों को भारत लाया जा सकता था। विदेश मंत्री पूर्ण रूप से एक निष्क्रिय एव अप्रसांगिक विदेश मंत्री हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते थे कि अबकी बार ट्रंप सरकार और इस ट्रंप सरकार ने पूरे भारत का अपमान कर दिया। ट्रंप सरकार पर दबाव डालकर उनको माफी मंगवानी चाहिए। नहीं तो यह जनता मोदी सरकार को सबक सिखा देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर