सरई बीनने गई वृद्धा पर टूटा मधुमक्खियों का कहर, इलाज के दौरान मौत
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
धमतरी, 02 जून (हि.स.)। नगरी विकासखंड के गजकन्हार जंगल में सरई बीनने गई एक वृद्ध महिला की मधुमक्खियों के हमले में आज दर्दनाक मौत हो गई। जंगल में वनोपज संग्रहण के दौरान हुए इस हादसे ने गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम पालगांव निवासी 75 वर्षीय रामबती अपनी बेटी देवकुंवर के घर गजकन्हार गांव आई हुई थी। वह पिछले एक सप्ताह से बेटी के यहां रह रही थी। सोमवार सुबह अन्य ग्रामीणों के साथ वह जंगल में सरई बीनने गई थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने उस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों मधुमक्खियों ने उन्हें डंक मार दिए, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल नगरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया।
मंगलवार सुबह लगभग पौने नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों जंगलों में महुआ, तेंदूपत्ता और सरई संग्रहण का कार्य चल रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग वन क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। ऐसे समय मधुमक्खियों के हमले जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। यह घटना वन क्षेत्रों में वनोपज संग्रहण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है। प्रशासन और वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता देने की मांग भी उठने लगी है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

