पुलिस मुठभेड़ में शातिर चोर घायल, चोरी की बोलेरो व नकदी बरामद

देवरिया, मऊ, आजमगढ़ और गाजीपुर में दर्ज हैं 46 मुकदमे

चोरी की बोलेरो, तमंचा व नकदी बरामद

देवरिया, 19 मई (हि.स.)। रुद्रपुर थाना क्षेत्र में सोमवार - मंगलवार की रात में पुलिस और एक शातिर चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की बोलेरो, नकदी, अवैध तमंचा और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिजात आर शंकर ने बताया कि रुद्रपुर प्रभारी कल्याण सिंह सागर और पुलिस टीम के साथ आदर्श चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शराब की दुकानों में चोरी करने वाला एक संदिग्ध बदमाश असवनपार की तरफ से रुद्रपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने सेमरौना पुल के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद एक संदिग्ध बोलेरो वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर नकईल मार्ग की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो सेमरौना श्मशान घाट के पास आरोपित ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी पुलिसकर्मी को नहीं लगी। उन्होंने बताया कि भागने के दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर मिट्टी के टीले से टकरा गई। इसके बाद आरोपित वाहन से उतरकर खेतों की ओर भागने लगा और पुलिस पर दोबारा फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्यारेलाल प्रजापति बताया। वह गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मीरपुर ओड़ासन गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 13,950 रुपये नकद, एक डीवीआर, लोहे की रॉड, चोरी की बोलेरो वाहन संख्या यूपी-12 पी 5732, एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए। इस कार्रवाई से थाना कोतवाली, खुखुंदू और रुद्रपुर में दर्ज चोरी के तीन मामलों का सफल खुलासा हुआ है। आरोपित ने पूछताछ में देवरिया और आसपास के जिलों में कई अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपित पर आजमगढ़ समेत विभिन्न जनपदों में चोरी और गैंग से जुड़े लगभग 46 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

   

सम्बंधित खबर