पूर्व तृणमूल पार्षद संजय नूनिया के पिता को सात दिन में जमीन खाली करने का नोटिस

नोटिस की कॉपी

पश्चिम बर्दवान, 12 जून (हि.स.)। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने कोयला कंपनी की जमीन पर कथित अवैध कब्जे के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 58 के पूर्व तृणमूल पार्षद संजय नूनिया के पिता रोहित नूनिया को नोटिस जारी किया है। कंपनी ने सात दिनों के भीतर जमीन खाली करने का निर्देश दिया है।

ईसीएल के धेमोमेन ग्रुप ऑफ माइंस, सोदपुर क्षेत्र की ओर से जारी नोटिस में दावा किया गया है कि पश्चिम बर्दवान जिले के बरधेमो मौजा स्थित जेएल नंबर 05 के प्लॉट संख्या 1022 और 1023 पर लंबे समय से अनधिकृत कब्जा किया गया है। कंपनी के अनुसार, प्लॉट संख्या 1022 पर एक निजी कार्यालय और पेट्रोल पंप संचालित किया जा रहा है, जबकि प्लॉट संख्या 1023 पर भी पेट्रोल पंप चलने का उल्लेख किया गया है।

ईसीएल का आरोप है कि यह कब्जा वर्ष 2009 से जारी है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित भूमि ईसीएल के स्वामित्व और नियंत्रण में है तथा बिना अनुमति किसी प्रकार का निर्माण, कब्जा या व्यावसायिक गतिविधि अवैध मानी जाएगी। कंपनी ने सभी अनधिकृत निर्माण और सामग्री हटाकर भूमि को शांतिपूर्वक वापस सौंपने का निर्देश दिया है।

ईसीएल ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो लागू कानूनों के तहत बेदखली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस नोटिस की प्रतियां सोदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक, आसनसोल दक्षिण थाना प्रभारी, क्षेत्र प्रबंधक (मानव संसाधन), भूमि विभाग के अधिकारियों, सुरक्षा अधिकारियों और सर्वे विभाग को भी भेजी गई हैं।

राज्य में अतिक्रमण और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पूर्व तृणमूल पार्षद के परिवार के नाम नोटिस जारी होने को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर