पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष समेत पांच पर मारपीट और फायरिंग का मुकदमा, सपा नेता ने आरोपों को बताया निराधार
फर्रुखाबाद, 16 जून (हि.स.)। कंपिल थाना क्षेत्र के ग्राम ग्रासपुर निवासी मुसाफिर की तहरीर पर समाजवादी पार्टी के नेता एवं कम्पिल नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष उदयपाल सिंह यादव, सूर्यदेव तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और फायरिंग के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित मुसाफिर के अनुसार, 4 जून की रात करीब 10 बजे वह ग्राम शंकरपुर हरहरपुर से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में सुखबीर सिंह के घर के पास पहले से मौजूद उदयपाल सिंह यादव, सूर्यदेव और उनके तीन अज्ञात साथियों ने उन्हें रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उनके साथ थप्पड़ों और घूंसों से मारपीट की।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुसाफिर किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव ने बंदूक निकालकर जान से मारने की धमकी दी और उन पर दो फायर किए। हालांकि दोनों गोलियां उनके पास से निकल गईं और वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चुनाव के दौरान सहयोग न करने के कारण आरोपित उनसे रंजिश मानते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं तथा उनके खिलाफ गुंडा एक्ट और जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जा चुकी है। उनका कहना है कि राजनीतिक प्रभाव और धनबल के कारण लोग शिकायत करने से भी डरते हैं।
15 जून को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने उदयपाल सिंह यादव, सूर्यदेव और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, मुसाफिर ने यह भी बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच चार लोगों की मौजूदगी में समझौता हो गया था। वहीं, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उदयपाल सिंह यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि राजनीतिक कारणों से उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच केवल कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया था। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने मंगलवार काे बताया कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
---------------

