स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए तारामंडल एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय भ्रमण का किया आयोजन

नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए तारामंडल (प्लेनेटेरियम) एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा की उपस्थिति में विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री संग्रहालय और नेहरू तारामंडल की ज्ञानवर्धक यात्रा कराई गई, जिसके माध्यम से बच्चों ने देश के गौरवशाली इतिहास तथा विज्ञान के विविध आयामों को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त किया।

सत्या शर्मा ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा “मन की बात” कार्यक्रम में बच्चों एवं युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूक करने की प्रेरणा से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को अनुभवात्मक एवं व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा तकनीकी विकास के बारे में रोचक जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही प्रधानमंत्री संग्रहालय के माध्यम से उन्हें देश के सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान, उनके नेतृत्व में हुए महत्वपूर्ण विकास कार्यों तथा भारत की ऐतिहासिक यात्रा को समझने का अवसर मिला।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय सिद्ध होगा।

सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यापक ज्ञान और अनुभव प्राप्त हो सके।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क परिवहन, भ्रमण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रदर्शनियों एवं वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नई जानकारियाँ प्राप्त कीं।

इस अवसर पर शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा, संग्रहालय के निदेशक डॉ. वाई. रवि किरोन तथा सहयोगी संस्था (एनजीओ) की अध्यक्ष का विशेष योगदान रहा, जिसकी सत्या शर्मा ने सराहना की।

---------------

   

सम्बंधित खबर