भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बीजेपी का विरोध प्रदर्शन, उपप्रधान पर फेंके गए अंडे 

सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (हि. स.)। नक्सलबाड़ी ब्लॉक अंतर्गत लोअर बागडोगरा ग्राम पंचायत में गुरुवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान उपप्रधान विश्वजीत घोष पर कथित तौर पर अंडे फेंके गए। यह घटना उस समय हुई जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता पंचायत के कार्यों का हिसाब मांगने पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, लोअर बागडोगरा-गोसाईपुर मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया। उपप्रधान से बातचीत के दौरान ही कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंक दिए। बताया जा रहा है कि पंचायत प्रधान की गैरमौजूदगी में प्रदर्शनकारियों ने अपना गुस्सा उपप्रधान पर ही निकाला।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण के नाम पर कई लोगों से नौ सौ रुपये लिए गए, लेकिन तीन साल बाद भी उन्हें शौचालय नहीं मिला। इसके अलावा आवास योजना और अन्नपूर्णा योजना के फॉर्म को लेकर भी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए।

प्रदर्शनकारियों ने पंचायत प्रधान और उपप्रधान से सात दिनों के भीतर काम का पूरा हिसाब देने और इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उपप्रधान विश्वजीत घोष ने इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में ‘अंडे फेंकने’ की एक नई संस्कृति बन गई है। वह भी उसी का शिकार हुए हैं।

   

सम्बंधित खबर