बुंदेलखंड का हर नागरिक ले 'एक पेड़ माँ के नाम' लगाने का संकल्प : सुशील गुप्ता

मोदी-योगी सरकार के स्वच्छ पर्यावरण का सपना को साकार करें

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को जनांदोलन बनाकर पौधरोपण करें : सुशील गुप्त

चित्रकूट, 16 अगस्त (हि.स.)। बुंदेलखंड के पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए क्षेत्रवासियों से मोदी और योगी सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जनांदोलन बनाकर अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया है।

शुक्रवार को चित्रकूट दौरे पर आए सामाजिक संस्था द हिंदू फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव सुशील गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। वृक्षारोपण जैसे कार्य को आज के परिवेश में जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। लोगों को जागरूक करने हेतु जन जागृति अभियान चलाया जाना चाहिए।

श्री गुप्ता ने कहा कि जितनी ज्यादा हरियाली विकसित होगी, उतना ही अधिक स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी द्वारा एक पेड़ मां के नाम चलाई जा रही मुहिम की जमकर सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों से इस अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की।

श्री गुप्ता ने कहा कि पेड़ों को मनुष्य का सबसे अच्छा दोस्त कहा जाता है। वास्तव में यदि पेड़ नहीं होते तो धरती पर जन जीवन ही नहीं होता। पेड़ हमें विभिन्न प्रकार के फलों और सब्जियों की प्रचुरता प्रदान करते हैं वहीं इनसे हमें प्राणवायु आक्सीजन भी मिलती है। कोरोना काल में आक्सीजन का महत्व किसी से छिपा नहीं है। अनेक लोगों ने आक्सीजन के अभाव में अपनों को खो दिया। पर्यावरण को बचाने के लिए हमें अभी से तेजी के साथ प्रयास करने होंगे,अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना होगा,तभी अब अपनी आने वाली पीढि़यों को स्वच्छ पर्यावरण दे सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल / राजेश

   

सम्बंधित खबर