बहरामपुर में वृद्ध दंपति का फंदे से लटका शव मिलने से हड़कंप

मुर्शिदाबाद, 9 अगस्त (हि.स.)।

मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर के जॉर्ज कोर्ट चौराहा इलाके में शुक्रवार सुबह एक वृद्ध दंपत्ति का फंदे से लटकता हुआ शव उनके घर से बरामद हुआ।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृत दंपत्ति का नाम शंभुनाथ घोष (88) और उनकी पत्नी का नाम कल्पना घोष (78) था। वे लंबे समय से बीमार थे। वे घर की पहली मंजिल पर पर रहते थे जबकि उनके बच्चे ऊपर वाले कमरे में रहते हैं। नीचे घर के सामने किराना की दुकान है। परिवार के सदस्यों ने आज सुबह दंपत्ति को घर के गलियारे में लटका हुआ पाया।

परिजनों का कहना है कि दम्पति काफी समय से विभिन्न बीमारियों से पीड़ित थे। माना जा रहा है कि बीमारी को सहन न कर पाने के कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली। हालांकि, बहरामपुर थाने की पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि आत्महत्या के पीछे कोई और रहस्य तो नहीं है। दो शवों को बरामद कर बहरामपुर मुर्दाघर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय / संतोष मधुप

   

सम्बंधित खबर