निजीकरण के विरोध में बिजली विभाग के कर्मचारी धरने पर
- Admin Admin
- May 22, 2025

जौनपुर, 22 मई (हि.स.)। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वाधान में गुरुवार काे विद्युत विभाग के कर्मचारियों का धरना शुरू हुआ है। कर्मचारी 22 मई से 28 मई तक अपराह्न 2 से 5 बजे तक सांकेतिक धरना देंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 29 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि सरकार कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है। अवर अभियंता मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा विद्युत विभाग का निजीकरण किया जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
गुप्ता ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने जनहित में विद्युत संस्थाओं की स्थापना की थी। इनका उद्देश्य जनता को सस्ती बिजली उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि विभाग का निजीकरण जनहित में नहीं है। कर्मचारियों का मानना है कि वे भी देश की जनता का हिस्सा हैं और विभाग के निजीकरण को रोकना आवश्यक है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव