हर बच्चे तक पहुंचे पोलियो की दो बूंद, किशनगंज में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
किशनगंज, 28 जून (हि.स.)। जिले में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बीआरसी भवन, खगड़ा स्टेडियम के समीप आयोजित कार्यक्रम में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अब भी पोलियो वायरस मौजूद है। ऐसे में प्रत्येक बच्चे को पोलियोरोधी दवा पिलाना जरूरी है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और किसी भी बच्चे को अभियान से वंचित न रहने दें।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले अभियान के दौरान जिले के 3,22,826 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 3,77,366 घरों का भ्रमण करेंगी। जो बच्चे किसी कारणवश छूट जाएंगे, उन्हें 4 जुलाई को बी-टीम के माध्यम से कवर किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1050 टीमों का गठन किया गया है। इनमें 927 हाउस-टू-हाउस, 90 ट्रांजिट, 25 मोबाइल और 8 वन-मैन टीमें शामिल हैं। अभियान में 2092 टीकाकर्मी और 315 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौक-चौराहों, ट्रांजिट प्वाइंट, ईंट-भट्ठों तथा प्रवासी और घुमंतू आबादी वाले क्षेत्रों में भी विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के लिए 20,499 बायो-ओरल पोलियो वैक्सीन (बीओपीवी) वायल, 5,530 पोस्टर, 2,524 मार्कर पेन और 3,318 कपड़े के बैनर उपलब्ध करा दिए गए हैं। सभी टीकाकर्मियों का प्रशिक्षण और सुपरवाइजरों का ओरिएंटेशन भी पूरा कर लिया गया है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. मुनाजिम समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

