औरैया, 17 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र के मिलक में शनिवार रात को एक किसान खेत में बने कुएं में गिर गया। देर रात को खेत पर पहुंचे बेटे ने पिता को कुएं में गिरा देखकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान को कुएं से बाहर निकाला मगर तब तक उनकी जान चली गई।
मिलक निवासी अनीश ने बताया कि पिता वकील सिंह 60 के पास दो बीघा जमीन थी। वह इसी जमीन पर खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पिता कुछ समय से बीमार चल रहे थे। शनिवार की शाम को पिता ने उसे एक त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने के लिए बाहर भेजा था और वह खेत पर खड़ी मूंग की फसल की रखवाली करने चले गए थे। देर रात 11:30 बजे के करीब जब वह खेत पर पहुंचा तो उसे पिता की खेत बीच में बने कुएं से चीखने की आवाज सुनाई दी। इस पर उसने घटना की जानकारी पुलिस व ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पिता को बाहर निकलवाया तब तक उनकी जान चली गई। अनहोनी पर बेटा अनीश, विवाहित बेटी अनामिका रोने लगी। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदुस्थान समाचार/सुनील कुमार

