फर्रुखाबाद के नए सीएमओ बने डॉक्टर आनन्द

फर्रुखाबाद, 01 जून (हि.स.)। शासन ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जालौन के चिकित्साधीक्षक डॉ. आनंद उपाध्याय को फर्रुखाबाद का नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नियुक्त किया है। वहीं, वर्तमान सीएमओ डॉ. अवनीन्द्र कुमार का स्थानांतरण कर उन्हें संयुक्त निदेशक, प्रशिक्षण महानिदेशालय, लखनऊ भेजा गया है।

डॉ. अवनीन्द्र कुमार ने 4 जुलाई 2022 को फर्रुखाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया था। शासन की जारी तबादला सूची के बाद स्वास्थ्य विभाग में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच नए सीएमओ के आगमन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। माना जा रहा है कि डॉ. आनंद उपाध्याय जल्द ही फर्रुखाबाद पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों का कहना है कि नए सीएमओ के सामने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की चुनौती होगी। डॉ. अवनीन्द्र कुमार के स्थानांतरण और डॉ. आनंद उपाध्याय की नियुक्ति को जिले के स्वास्थ्य प्रशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें नए सीएमओ के कार्यभार संभालने और उनकी प्राथमिकताओं पर टिकी हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर