फर्रुखाबाद: युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका

फर्रुखाबाद,06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में थाना कमालगंज क्षेत्र में गंगाघाट जाने वाले मार्ग पर सोमवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या कर शव को सड़क किनारे खाई में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसारसोमवार करीब 3:30 बजे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि कमालगंज से गंगा घाट जाने वाले मार्ग पर, कस्बे से लगभग दो किलोमीटर दूर सड़क किनारे खाई में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे तथा गर्दन पर रस्सी कसने के स्पष्ट निशान मिले हैं। सिर पर गंभीर चोट होने के साथ खून भी बहा हुआ था। मृतक के सीने पर सोनेलाल और अर्चना नाम गुदे हुए हैं। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पहचान और घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को गंगाघाट मार्ग के किनारे लाकर फेंका गया है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं बरामद मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर