बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पिता-पुत्र सहित पांच गिरफ्तार

कानपुर, 06 जून (हि.स.)। बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का कल्याणपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन बाल अपचारियों समेत पांच आरोपितों को पकड़कर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में एक पिता-पुत्र की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि गिरोह रावतपुर और कल्याणपुर क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।

पश्चिम जोन में बीते दिनों मसवानपुर और सराय चौराहा क्षेत्र में बंद मकानों से आभूषण चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त पश्चिम के निर्देशन में छह टीमों का गठन किया गया। टीमों ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत क्षेत्र में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस व ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपितों तक पहुंची।

जांच में सामने आया कि गिरोह में शामिल बाल अपचारी रात के समय ऐसे मकानों की रेकी करते थे जिनमें कोई नहीं रहता था या जिन पर ताला लगा होता था। मौका मिलने पर वे छत अथवा अन्य रास्तों से घरों में प्रवेश कर अलमारी और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी का माल गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाया जाता था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विमल गौतम और संतोष कुमार को गिरफ्तार किया, जबकि तीन बाल अपचारियों (एक बाल अपचारी विमल गाैतम का बेटा है) की भूमिका भी उजागर हुई। पूछताछ में आरोपितों ने मसवानपुर और कल्याणपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।

डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने शनिवार काे बताया कि गिरोह काफी सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। बंद मकानों की पहचान करने के बाद उन्हें निशाना बनाया जाता था। चोरी के बाद आभूषणों को ठिकाने लगाने की व्यवस्था पहले से तय रहती थी, जिससे पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।

पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़ा अली नामक आरोपित अभी फरार है। जांच में सामने आया है कि चोरी के आभूषणों को खपाने और बेचने की प्रक्रिया में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। वहीं, चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण, आभूषणों की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

   

सम्बंधित खबर