फरीदाबाद : सीबीआई अधिकारी बनकर की सवा करोड़ की ठगी, अहमदाबाद से आरोपी गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jun 11, 2026

फरीदाबाद, 11 जून । खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक से एक करोड़ 24 लाख 45 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान गुजरात निवासी बलदेव भाई बाबू भाई ब्रहमभटट (78) के रुप में हुई है। आरोपी को गुरुवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बलदेव ने अपने परिचित अमित निवासी जयपुर का बैंक खाता लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। उक्त खाते में ठगी की लगभग 32 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। बलदेव की अमित के साथ पुरानी जान-पहचान थी। उसने अमित को खाता संबंधी जानकारी के साथ अहमदाबाद बुलाया और करीब 10 दिनों तक अपने साथ रहोटल में खा। जब ठगी में प्रयुक्त खाते का संचालन बंद हो गया तो उसने अमित को वहां से वापस भेज दिया। अमित खाताधारक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि सेक्टर-85 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मार्च को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताया और कहा कि शिकायतकर्ता के नाम से बेंगलुरु में एक बैंक खाता संचालित हो रहा है, जिसका उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में किया गया है। ठगों ने उसको गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाते हुए उसकी संपत्ति एवं बैंक खातों में जमा धनराशि को जांच एवं सत्यापन के लिए आरबीआई तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार निर्धारित खातों में जमा कराने और जांच पूर्ण होने पर राशि को वापस भेजने बारे कहा गया। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अप्रैल 2026 में अपने विभिन्न बैंक खातों से अलग-अलग बैंक खातों में कुल एक करोड़ 24 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया। बाद में जब उसने अपनी धनराशि वापस लेने के लिए ठगों से संपर्क करने का प्रयास किया तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

