फरीदाबाद, 18 मई (हि.स.)। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मर्डर और हत्या के प्रयास में पिछले काफी समय से फरार चल रहे एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी द्वारा पुलिस पर 4 राउंड फायर किए गए, पुलिस की तरफ से किए गए फायर में आरोपी के पैर में गोली लग गई। आरोपी को पुलिस के द्वारा इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूत्रों से आरोपित बारे मोटरसाइकिल से गणेश कालोनी नियर भूपानी मोड मास्टर रोड की तरफ आने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने मास्टर रोड पर सांई कालोनी कच्चे रास्ते वाले कट के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे आरोपितों को रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की और इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर 3 राउंड फायर किये। 2 फायर गाड़ी पर व एक फायर पुलिस कर्मचारी एएसआई प्रदीप पर किया। जवाबी कार्रवाई में इंद्र त्यागी के दाहिने पैर में गोली लगी। आरोपित को इलाज के लिये सिविल अस्पताल फरीदाबाद में दाखिल कराया गया है, जिसकी स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि मौके से 1 देसी पिस्टल व 2 जिंदा राउंड, 3 खाली खोल व स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घटनाक्रम के संबंध में थाना भूपानी में हत्या के प्रयास की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित का आपराधिक रिकार्ड है। 9/10 अप्रैल की रात को थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा रोड पर स्थित रेड लायन ओयो होटल के सामने सचिन नामक एक युवक के चाकू मार कर हत्या के मामले में वह वांछित था। इसके अतिरिक्त थाना सेक्टर 31 के अंतर्गत 3 दिसंबर की सुबह, अरुण व राहुल पर चाकू से हमला कर हत्या के प्रयास व लड़ाई झगड़ा के मामले में भी फरार चल रहा था।

