एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए चेन्नई और मदुरै होंगे मेजबान शहर
- Admin Admin
- Mar 28, 2025

नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै आगामी एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप के मेजबान शहर होंगे। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को उक्त घोषणा की।
यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 28 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
इस दो सप्ताह तक चलने वाले हॉकी महोत्सव में पहली बार 24 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। यह लगातार तीसरा अवसर होगा जब एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप भारत में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले, 2021 में यह टूर्नामेंट भुवनेश्वर, ओडिशा और 2016 में लखनऊ, उत्तर प्रदेश में आयोजित हुआ था, जहां भारत ने खिताबी जीत दर्ज की थी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने इस आयोजन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करना हॉकी इंडिया के लिए गर्व की बात है। मैं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री श्री एम.के. स्टालिन और खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अभूतपूर्व समर्थन दिया है। इस बार 24 टीमें भाग लेंगी, इसलिए हमने टूर्नामेंट को दो शहरों – चेन्नई और मदुरै में आयोजित करने का निर्णय लिया है। चेन्नई ने 2023 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की सफल मेजबानी की थी, जबकि मदुरै पहली बार इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। हमें खुशी है कि हम हॉकी को देश के विभिन्न हिस्सों में ले जा रहे हैं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, हमारी महासंघ वैश्विक हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी में अग्रणी रहा है और एक बार फिर, हम एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप को शानदार सफलता दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमारा उद्देश्य भारत के अलग-अलग स्थानों पर हॉकी को बढ़ावा देना है। इसी सोच के तहत हमने चेन्नई और मदुरै को मेजबान शहरों के रूप में चुना है, जिसे तमिलनाडु सरकार और हमारे कोषाध्यक्ष श्री शेखर मनोहरन के नेतृत्व से संभव बनाया गया।”
हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष और हॉकी तमिलनाडु के अध्यक्ष शेखर मनोहरन ने तमिलनाडु में हॉकी के स्वर्णिम दिनों को वापस लाने की उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा, मैं तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री श्री एम.के. स्टालिन और खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन का हॉकी के प्रति उनके जुनून और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करता हूँ। हम तमिलनाडु में हॉकी के गौरवशाली दिनों को वापस लाना चाहते हैं। चेन्नई लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजनों के लिए प्रमुख स्थल रहा है। हमें खुशी है कि हम वैश्विक हॉकी प्रशंसकों का स्वागत कर पाएंगे और उन्हें तमिलनाडु की बेहतरीन मेहमाननवाजी का अनुभव कराएंगे।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे