गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार की वसूली, महिला थाना प्रभारी समेत चार पर एफआईआर
- DSS Admin
- May 21, 2026
पन्ना, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के मड़ला थाना क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी को झूठे गांजा मामले में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार रुपए की वसूली किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरूवार को मामले में तत्कालीन मड़ला थाना प्रभारी रचना पटेल सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार रीवा निवासी सर्राफा व्यापारी मोहनलाल सोनी 14 मई को बागेश्वरधाम दर्शन के लिए कार से निकले थे। शाम करीब 5 बजे मड़ला पेट्रोल पंप के पास कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि सिविल ड्रेस में मौजूद दो व्यक्तियों ने कार से काली पॉलीथिन निकालते हुए व्यापारी को गांजा तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि खुद को निर्दोष बताने के बावजूद आरोपियों ने उसे जबरन शराब ठेके के पीछे ले जाकर करीब दो घंटे तक डराया-धमकाया। इस दौरान एक अन्य वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गया। आरोपितों ने केस रफा-दफा करने के बदले एक लाख रुपए की मांग की।
व्यापारी के मुताबिक काफी मिन्नतों के बाद मामला 95 हजार रुपए में तय हुआ। आरोपियों ने अलग-अलग क्यूआर कोड और खातों में 45 हजार और 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। रकम लेने के बाद व्यापारी को छोड़ दिया गया।
घटना के बाद डरे-सहमे व्यापारी ने रीवा पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर रीवा में शून्य पर अपराध दर्ज कर मामला पन्ना भेजा गया। इसके बाद मड़ला थाने में तत्कालीन थाना प्रभारी रचना पटेल, मुंशी रज्जाक खान, आरक्षक रामशरण अहिरवार और शराब ठेके के कर्मचारी बृजेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 308(6) (जबरन वसूली), 61(2) (आपराधिक साजिश) सहित अन्य धाराओं में मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

