नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अजमेर के लिए उड़ान सेवा शुरू
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
नोएडा, 02 जुलाई (हि.स.)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अजमेर के लिए भी गुरुवार को उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। शहर के लिए सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही उड़ानें रहेंगी। शुक्रवार को नवी मुंबई के लिए उड़ान रवाना होगी, जिसके बाद एयरपोर्ट कुल 16 शहरों से जुड़ जाएगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को नोएडा एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट ने सुबह 5.50 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान किया। वहीं, अजमेर के लिए पहली फ्लाइट 10.30 बजे रवाना हुई। वहीं, करीब 1.05 बजे अजमेर से एक फ्लाइट का एयरपोर्ट पर आगमन हुआ। शुक्रवार को अकासा एयर नवी मुंबई के लिए भी उड़ानें शुरू करने जा रही है। इसके बाद एयरपोर्ट से 16 शहरों के लिए विमान सेवा का संचालन हो जाएगा।
नोएडा एयरपोर्ट पर विगत 15 जून से वाणिज्यिक विमानों का संचालन जारी है। अब धीरे-धीरे एयरपोर्ट पर उड़ानों का दायरा बढ़ाया जा रहा है। विगत दिवस ही नौ नए शहरो समेत 14 शहरों के लिए उड़ानों का संचालन हुआ था। उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ ही अब एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। एयरपोर्ट पर दिनभर यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे अब यमुना एक्सप्रेसवे पर भी यातायात का दबाव बढ़ना शुरू हो गया है। अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष के अंत तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं।
---------------

