पटवारी कार्यालय में घुसकर सरकारी काम में बाधा, कर्मचारी से मारपीट, चार आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
जांजगीर-चांपा, 2 जुलाई (हि. स.)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में पटवारी कार्यालय में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने और पटवारी के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत किकिरदा स्थित पटवारी कार्यालय में 30 जून को पटवारी सत्येंद्र कुमार कंवर शासकीय कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपित सदानंद जायसवाल (56 वर्ष), घनश्याम आदित्य (30 वर्ष), सोनू आदित्य (25 वर्ष) और मनोज देवांगन (39 वर्ष) जबरन कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर पटवारी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना के बाद पटवारी की शिकायत पर बिर्रा थाना में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 121, 115(2), 332(2) और 3(5) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपिताें द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव एवं प्रधान आरक्षक विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

