आईजीएल कंपनी के कर्मचारी बनकर लाखों की ठगी करने के मामले में चार गिरफ्तार

नोएडा, 02 जुलाई (हि.स.)। नोएडा के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आईजीएल कंपनी के कर्मचारी बनकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर 21.27 लाख रुपये की साइबर ठगी में शामिल होने का आरोप है। ये लोग जालसाजों को कमीशन के बदले अपने क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराते थे। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद हुआ हैं।

आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी सचिन कुमार, बिसरख निवासी शहनवाज शेख, शिवम पाण्डेय और शुभम कुमार सिंह के रूप में हुई है।

डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने गुरुवार काे बताया कि आईजीएल के बिल भुगतान से संबंधित फर्जी मैसेज एक शख्स को भेजा गया था। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर जालसाजों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद खाते और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर अलग-अलग माध्यमों से करीब 21.27 लाख रुपये की ठगी कर ली गई थी।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 10 से 20 प्रतिशत कमीशन पर अपने क्रेडिट कार्ड उन्हें इस्तेमाल करने को देते थे। ठगी की रकम पहले इन कार्डों में ट्रांसफर की जाती थी और बाद में अलग-अलग माध्यमों से आगे भेज दी जाती थी।

---------------

   

सम्बंधित खबर