पेपर मिल का सेल्स मैनेजर बताकर व्यापारी से ट्रांसफर करा लिए 4.25 लाख रुपये, केस दर्ज
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
मुरादाबाद, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गौर ग्रेसियस निवासी व्यापारी दिगंत कुमार से साइबर ठगों ने चार लाख 25 हजार रुपये ठग लिए। आरोपित ने खुद को पेपर मिल का सेल्स मैनेजर बताकर पेपर सप्लाई करने का झांसा दिया और रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी अभिनव द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि पीड़ित व्यापारी ने थाना सिविल लाइंस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि निर्भय इंटरप्राइजेज कंपनी के प्रोपराइटर हैं। कंपनी सरकारी विभागों में पेपर की सप्लाई करती है। पेपर अन्य मिलों से मंगवाते हैं। इसी साल अप्रैल माह में उन्हें ए-फोर साइज पेपर की जरूरत थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कॉल की और अपना नाम वरुण बताते हुए कहा कि वह पेपर मिल का सेल्स मैनेजर है। उसने पेपर के रिम भेजने के लिए ऑर्डर ले लिया और चार लाख 25 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। कुछ दिन बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। ठगी का अहसास हाेने पर पीड़ित ने थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले में आज पीड़ित व्यापारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------------

