बच्ची की हत्या का छह घंटे में खुलासा, आरोपित गिरफ्तार

जौनपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जफराबाद थाना क्षेत्र स्थित धनेजा गांव में सोमवार सुबह चार वर्षीय बच्ची की हत्या का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित से पूछताछ के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि आरोपित जफराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम धनेधा निवासी साहब लाल निषाद (42) को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में आरोपित को नामजद किया गया था।

पूछताछ में परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपित को बच्ची से बातचीत करते और देर रात उसके आसपास देखा गया था। ग्रामीणों से पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि आरोपी नशे का आदी है तथा उसकी गतिविधियों से परेशान होकर उसकी पत्नी बच्चों के साथ गुजरात में रह रही है। वह गांव में अकेला रहता था।

पुलिस पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके खिलाफ जफराबाद थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके विरुद्ध पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।-------------------

   

सम्बंधित खबर