फरीदाबाद: हरियाणा में गरीब का बेटा मुख्यमंत्री बनकर कर रहा गरीबों का उत्थान: कृष्णपाल गुर्जर

फरीदाबाद, 12 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा में गरीब का बेटा मुख्यमंत्री बनकर गरीबों का उत्थान कर रहा है। हरियाणा में भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के किसान, महिला, युवा और गरीब की जिंदगी बदल रही है। श्री गुर्जर ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि हिसाब मांगे यात्रा करने वाली कांग्रेस के नेता कांग्रेस (हुड्डा सरकार) के 10 साल का हिसाब जनता को दे नहीं पा रहे हैं। कृष्ण पाल गुर्जर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके खाने खराब हैं, वो जात पूछ रहे हैं और जिनके खाते खराब हैं वो हिसाब मांग रहे हैं।

गुर्जर सोमवार को फरीदाबाद में प्रेसवार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस ने देश को 65 साल धोखा दिया, जाति-पाति के नाम लड़ाया और धर्म के नाम पर गुमराह किया है। कांग्रेस की नीति हमेशा से ही बांटो और राज करो की रही है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के अधिकतर नेता भ्रष्टाचार के गुनाहों में जमानत पर हैं, जिन्होंने सत्ता में रहते हुए लूट मचाई, जिनके खुद के खाते खराब हैं वो हिसाब मांगने वाले कौन होते हैं? कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में हिसाब जनता को दिया जाता है, हम विकास के कार्य करके जनता को हिसाब दे रहे हैं, लेकिन जनता कांग्रेस से उसके दस साल के भय और भ्रष्टाचार पर सवाल कर जवाब मांग रही है। कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि 2019 और 2024 में पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल का एक-एक पल और एक-एक पाई का हिसाब दिया है। लोगों ने पीएम मोदी के हिसाब को सही माना और तीसरी बार एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर सत्ता तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि हम हरियाणा के ढाई करोड़ लोगों को हिसाब देंगे और दे भी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जमानत पर चल रहे कांग्रेस के भ्रष्ट लोगों को हिसाब मांगने का भी अधिकार नहीं। हरियाणा भाजपा सरकार की घोषणाओं और निर्णयों की सराहना करते हुए कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हरियाणा ने काफी तरक्की की है। भाजपा ने पारदर्शी और ईमानदार सरकार लोगों को दी है। नायब सरकार देश में ऐसी पहली सरकार है जिसने 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने और 46 लाख गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा की है। अग्निवीरों को पुलिस और माईनिंग में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा खेल और खिलाडिय़ों को बढ़ावा दिया है। हरियाणा के खिलाडिय़ों पर हमें गर्व है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर