
इटानगर, 04 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की बंदरदेवा पुलिस ने कुंगसुक तागुंग नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसने हाल ही में बंदरदेवा घटना के पीड़ित की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में सोशल मीडिया पेज वॉयस ऑफ अरुणाचल पर गलत सूचना फैलाई थी। व्यक्ति की पहचान तापी ओमित (37) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दोईमुख पापुम पारे जिला में रह रहा था।
बंदरदेवा पुलिस स्टेशन में इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज किया गया है। व्यक्ति को कार्यकारी मजिस्ट्रेट-सह-सर्किल अधिकारी, बंदरदेवा के समक्ष पेश किया गया। कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने उस पर एक साल के लिए पाबंदी लगायी है। उसे शांति बनाए रखने और गलत सूचना फैलाने से बचने का निर्देश दिया गया है।
इसकी जानकारी आज नाहरलागुन पुलिस अधीक्षक मिहिन गामबो ने दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हालांकि, स्थिति वर्तमान में नियंत्रण में है, लेकिन तनाव अभी भी बना हुआ है और अगर लोग जिम्मेदारी से काम नहीं करेंगे तो यह और बढ़ सकता है।
इसके अलावा, उन्होंने जनता से सोशल मीडिया ट्रायल से बचने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि बंदरदेवा मामले के संबंध में किसी भी प्रासंगिक जानकारी या सबूत वाले व्यक्ति को सोशल मीडिया पर मामले पर चर्चा करने के बजाय सीधे बंदरदेवा पुलिस स्टेशन में जांच दल से संपर्क करना चाहिए, क्योंकि इससे मामला सुलझने के बजाय और जटिल हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी