फरीदाबाद : बडख़ल फ्लाईओवर के नीचे नाले की जमीन पर बने 70 मकानों को तोड़ा
- Admin Admin
- Jun 02, 2025

फरीदाबाद, 2 जून (हि.स.)। बडख़ल फ्लाईओवर के नीचे नाले की जमीन पर बनाए गए 70 मकानों को नगर निगम ने सोमवार को तोड़ दिया। तोडफ़ोड़ की यह कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रहेगी। नाले पर बने इस निर्माण की वजह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी। जिससे आसपास के सेक्टरों में भारी जलभराव हो जाता था। सप्ताहभर पहले जिला उपायुक्त ने इसी जगह का निरीक्षण किया था। यह नाला सेक्टर-21ए से होकर बडख़ल पुल के नीचे से निकलता है। जिला उपायुक्त ने यहां नाले पर बहुत अधिक मकान बने हुए देखकर नगर निगम को कार्रवाई का आदेश दिया था। अवैध निर्माण करने वालों ने पूरे नालों को ही घेर लिया और मकान बना लिए। इस वजह से नाले की सफाई नहीं की जाती थी। वर्षा आने पर नाले का पानी बैक मारकर सेक्टर-21ए सहित अन्य कई कॉलोनियों में भर जाता था। नगर निगम के एसडीओ सुरेंद्र हुडडा ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे नाले पर बने हुए 70 मकान तोड़ दिए गए है। मंगलवार को तोडफ़ोड़ की अंतिम कार्रवाई होगी। नाले की जमीन पर जहां भी अवैध निर्माण बने हुए है। सभी को तोड़ा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर