फरीदाबाद : देश में तुष्टीकरण की राजनीति करती है कांग्रेस : अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री ने जनआर्शीवाद रैली में की भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील

फरीदाबाद, 17 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलने की मशीन हैं। विदेश में राहुल ने ओबीसी आरक्षण खत्म करने की बात कही, लेकिन मैं कहना चाहता हूं जब तक भाजपा की मोदी सरकार है आरक्षण को कोई छू तक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि अग्निवीर पर कांग्रेस वाले राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस वाले अफवाह फैला रहे हैं। हम अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण दे रहे हैं। मैं ये गारंटी देता हूं कि कोई भी अग्निवीर बिना नौकरी के नहीं रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री मंगलवार को सेक्टर-12 स्थित ग्राउंड में आयोजित जनआर्शीवाद रैली में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस झूठ का व्यापार करती है। मैं कुछ दिन पहले टीवी देख रहा था, यहां कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे थे। आप बताइए क्या ये सही है। ये कांग्रेस पार्टी तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। ये राहुल गांधी कश्मीर जाकर कहते हैं कि कश्मीर से धारा 370 समाप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि आज मैं यहां आया हूं, मैं ये बताना चाहता हूं कि हमारा हरियाणा तीन बातों के लिए देश में जाना जाता है। पहला देश के जवान, दूसरे किसान और तीसरे खिलाड़ी हैं। इन तीनों ने देश को जब भी जरूरत पड़ी, खरे उतरे हैं। मैं आज हुड्डा से पूछना चाहता हूं, हरियाणा का हर दूसरा घर सीमा पर जवान भेजता है। कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन का वादा 40 साल तक लटकाए रखा। 2014 में आपने मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया, 2015 में ही वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा कर दिया। उन्होंने हुड्डा को चुनौती देते हुए कहा कि 10 साल आप मुख्यमंत्री रहे। लिस्ट लेकर फरीदाबाद चौक पर आ जाओ। विपुल गोयल आपसे बहस करने के लिए आ जाएगा। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस भाजपा के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रही है। वहां तो हुड्डा सैलजा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि हमारा दावा स्पष्ट है कि हम नायब सैनी के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने ओबीसी की क्रीमी लेयर को भी कम किया। गुर्जर जाति को ओबीसी में जोडऩे का काम किया। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले का हरियाणा आपको याद होगा। एक सरकार आती थी तो भ्रष्टाचार बढ़ जाता था। दूसरी सरकार आती थी तो गुंडागर्दी बढ़ जाती थी। भाजपा की सरकार जब आई तो प्रदेश से गुंडागर्दी समाप्त कर लोगों का जीवन आसान किया। पहले की सरकार में पर्ची और खर्ची चलती थी। अब भाजपा की सरकार में नौकरी का लेटर डाकिया लेकर आता है। अमित शाह ने कहा कि सबसे पहले मैं राजा नाहर सिंह की पावन धरती को प्रणाम करता हूं। इस मौके पर हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली, केंद्रीय राज्यमंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर, शिक्षामंत्री सीमा त्रिखा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा, चरण सिहं तेवतिया, भाजपा प्रत्याशी मूलचंद शर्मा, विपुल गोयल, टेकचंद शर्मा राजेश नागर, सतीश फागना, धनेश अदलक्खा सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर