
फरीदाबाद, 12 मई (हि.स.)। फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने मंदिर से चांदी को चोरी करने वाले दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों के पास से तीन किलो चांदी बरामद की है। पुलिस ने सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-82 के रहने वाले नितिन ने पुलिस चौकी सेक्टर-15 को दी शिकायत में कहा है कि, 3 मई को मंदिर में शिवलिंग पर लगी चांदी कोई चुरा कर ले गया। शिकायत पर थाना सेंट्रल में चोरी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इस मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने दिल्ली से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुलवंत मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। लेकिन शिव विहार दिल्ली में रह रहा था। दूसरा त्रिलोक जो विजयलक्ष्मी पार्क दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से तीन किलो चांदी बरामद की है। दोनों आरोपी एक बाग मंदिर में किसी के साथ आए थे। जिसके बाद आरोपियों ने चोरी कर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट मे पेश कर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर