सिंचाई नहर डी-9ए में जलापूर्ति बहाल करने की मांग, किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी जम्मू से की मुलाकात
- Neha Gupta
- Jul 01, 2026

जम्मू, 01 जुलाई । पूर्व जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्य सुचेतगढ़ एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता तरनजीत सिंह टोनी के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उपायुक्त जम्मू डॉ. राकेश मिन्हास से मुलाकात कर खंडवाल क्षेत्र में नहर संख्या डी-9ए के माध्यम से सिंचाई जलापूर्ति बाधित होने का मुद्दा उठाया। किसानों ने बताया कि धान की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में पानी की कमी से खेती प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि नहर में पर्याप्त जल प्रवाह नहीं होने, भारी मात्रा में गाद जमा होने तथा नहर की भूमि पर कथित अतिक्रमण के कारण किसानों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से नहर की तत्काल सफाई कर जलापूर्ति बहाल करने और निर्बाध सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नहर डी-9ए के माध्यम से जलापूर्ति बहाल करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि नहर की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम दक्षिण मनु हंसा से भी मुलाकात की। बैठक में संबंधित तहसीलदार भी मौजूद रहे। एसडीएम ने जानकारी दी कि वह संबंधित तहसीलदार और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ अगले दिन सुबह 11 बजे प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे ताकि मौके पर स्थिति का आकलन कर जलापूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
एसडीएम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नहर की भूमि पर अवैध कब्जे या अतिक्रमण के मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और सिंचाई ढांचे को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा।

