सोनीपत में किसानों का पंजाब सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन

सोनीपत, 21 मार्च (हि.स.)। जिला के खरखौदा में भारतीय नौजवान किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने शुक्रवार

को पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यूनियन के अध्यक्ष बेद प्रकाश उर्फ

बेदी की अगुवाई में किसानों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर अपना

गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और किसानों ने उनकी

मांगों को अनसुना करने का आरोप लगाया।

किसानों

का मुख्य गुस्सा पंजाब सरकार द्वारा शंभू और खनौरी बॉर्डर पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे

किसानों की कथित जबरन गिरफ्तारी को लेकर था। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि किसान नेता

जगजीत सिंह डल्लेवाल सहित कई किसानों को बिना किसी ठोस वजह के हिरासत में लिया गया।

इसे अलोकतांत्रिक करार देते हुए किसानों ने मांग की कि गिरफ्तार नेताओं को तुरंत रिहा

किया जाए। यूनियन के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र उर्फ काला ने कहा कि पंजाब सरकार ने पहली

बार किसानों के साथ ऐसा विश्वासघात किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डल्लेवाल को

कोई नुकसान हुआ तो सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

प्रदर्शनकारी

किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। बेदी ने बताया

कि डल्लेवाल को जबरन उठाया गया और उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे

किसानों में आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शन में करीब 20 किसान, जिनमें गोपालपुर के बेदी

प्रधान, समुंदर फौजी गोरड, राज सिंह हलालपुर और वीरेंद्र शामड़ी शामिल रहे। किसानों

ने कहा कि वे अपनी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और सरकार की दमनकारी नीतियों का

पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार किसानों को जल्द रिहा नहीं

किया गया तो पूरे देश में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन होंगे। यह प्रदर्शन किसानों के हक

की लड़ाई में एकजुटता का प्रतीक बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

   

सम्बंधित खबर