स्पेस एप्लीकेशन सेंटर व इसरो की कार्यप्रणाली देख प्रफुल्लित हुए कंपोजिट विद्यालय के छात्र
- Admin Admin
- May 13, 2025

फतेहपुर, 13 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जिले के विकासखंड तेलियानी के चयनित कंपोजिट विद्यालय बेनीहरसिंहपुर के छात्र अभिनव पटेल एवं आशीष कुमार को शिक्षक रीतेश कुमार की देखरेख में स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (एसएसी) व भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो ) अहमदाबाद गुजरात का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण 10 व 11 मई तक कराया गया।
प्रथम दिन एसएसी तथा इसरो का भ्रमण इसरो के निदेशक नीलेश देसाई के निर्देशन में हुआ वहां पर दोनों बच्चों ने पीएसएलवी, जीएसएलवी, चंद्रयान-2, चंद्रयान-3 आदित्य L1 एवं अन्य उपग्रहों का निर्माण एवं उनकी कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा और उन्हें समझने का मौका मिला। वहां पर विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी को भी देखने का अवसर प्राप्त हुआ। अंत में निदेशक व्यक्तिगत रूप से सभी बच्चों से मिले और उनके समस्त प्रश्नों का जवाब दिया।
दूसरे दिन साइंस सिटी का भ्रमण हुआ। साइंस सिटी में एक्वेटिक गैलरी, रोबोटिक गैलरी, प्लैनेट अर्थ एवं नेचर पार्क को देखा। वहां पर आईमैक्स हाल में 3D फिल्म हबल देखने का एक अलग ही अनुभव रहा। इसके माध्यम से बच्चों को अंतरिक्ष के बारे में बहुत नजदीक से जानने और उसके रहस्यों को समझने का मौका मिला।
खण्ड शिक्षाधिकारी राजेश कटियार ने दोनों बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों में इस तरह के भ्रमण से वैज्ञानिक सोंच विकसित होती है। साथ ही इस विशिष्ट भ्रमण के लिए दोनों छात्रों का चयन होना जिले के लिए गौरव की बात है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार