बाराबंकी कमरे में लटका मिला महिला सिपाही का शव

बाराबंकी 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद बाराबंकी के थाना मसौली स्थित पीएसी वाहिनी परिसर में एक महिला सिपाही का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मानसिक अवसाद के चलते आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। मृतक महिला तलाकशुदा थी।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जिला इटावा के जसवंतनगर की रहने वाली 28 वर्षीय शिल्पी 2016 में खेल कोटे से पुलिस विभाग में भर्ती हुई थीं। वह फेंसिंग (तलवारबाजी) की खिलाड़ी थीं। वर्तमान में उनकी तैनाती कानपुर में थी। एक माह पहले उन्हें यहां 10वीं वाहिनी पीएसी से संबद्ध किया गया था, जहां वह फेंसिंग प्रैक्टिस कर रही थीं। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे जब वह प्रैक्टिस के लिए ग्राउंड पर नहीं पहुंचीं तो सहकर्मी उन्हें बुलाने कमरे पर गईं। कमरे का दरवाजा बंद था। खिड़की से झांककर देखा गया तो शिल्पी का शव का फंदे से लटका मिला।

पुलिस अधीक्षक व एसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिल्पी यादव का दो साल पहले तलाक हुआ था। शव को पोस्टमार्टम भेजकर रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

------------------

   

सम्बंधित खबर