वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रमुखों की बुलाई बैठक
- DSS Admin
- May 27, 2026
- मंत्रालय बैठक में कृषि और एमएसएमई क्षेत्रों में ऋण प्रवाह की समीक्षा करेगा
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के प्रमुखों की शुक्रवार को एक बैठक बुलाई है, जिसमें बैंकों के वित्तीय प्रदर्शन, कृषि और एमएसएमई क्षेत्र को कर्ज प्रवाह की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को दी जानकारी में बताया कि यह बैठक शुक्रवार, 29 मई को होगी। इसकी अध्यक्षता वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू करेंगे। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के रिकॉर्ड 1.98 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किए जाने के बाद ये पहली समीक्षा बैठक होगी। यह बैठक उनके सेवानिवृत्त होने से एक दिन पहले हो रही है।
मंत्रालय के मुताबिक इस बैठक में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) के कामकाज और उनके वित्तीय प्रदर्शन पर भी चर्चा होगी। साथ ही, कृत्रिम मेधा (एआई) के उपयोग, डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों और ‘जन समर्थ’ पोर्टल की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा बैठक में कर्ज वसूली व्यवस्था और ऋण वसूली अधिकरण (डीआरटी) तथा ‘वित्तीय परिसंपत्तियों का प्रतिभूतिकरण एवं पुनर्निर्माण और प्रतिभूति हित का प्रवर्तन अधिनियम’ (सरफेसी) अधिनियम के तहत प्रगति पर भी विचार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगातार चौथे वर्ष लाभ कमाते हुए अबतक का सर्वाधिक 1.98 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। इस दौरान बैंकों का कुल परिचालन लाभ 3.21 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 11.1 फीसदी बढ़कर 1.98 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। इन बैंकों की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है, इनका सकल एनपीए अनुपात घटकर 1.93 फीसदी और शुद्ध एनपीए अनुपात 0.39 फीसदी पर आ गया है।
---------------

