सोनीपत : अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, तीन की मौत व सात घायल

28 Snp-      सोनीपत: आग को बुझााने में लगे हुए युवक।         एकत्र क्षेत्रवासी

सोनीपत, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले के रिढाऊ गांव में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्टरी में आग लगने के बाद भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं। यह हादसा गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण होना बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती ले जाया गया। बाद में घायलों को रोहतक पीजीआई के लिए रेफर किया गया। मकान के मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस राहत कार्य में जुटी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे रिढाऊ गांव के एक मकान में गैस सिलेंडर में लीक होने से आग लग गई और फिर तेज धमाका हुआ। धमाके के साथ मकान मलबे में तब्दील हो गया। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। एक महिला व एक बच्चे के शव को बुरी तरह से जली हालत में बाहर निकाला गया है। इस हादसे में झुलसे फरमान (26), इसकी पत्नी याशमीन (23), एकरा (22), सिदरा (18), असरा (21), आशी (28) और

अंजली (27) को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम श्वेता सुहाग और पुलिस एसीपी जीत सिंह बेनीवाल समेत अन्य कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस फैक्ट्री के मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस मकान में पटाखे बनाए जाने की जानकारी नहीं थी। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। ग्रामीणों के अनुसार एक-दो लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। पुलिस और स्थानीय लोग मलबा हटाने में लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र परवाना

   

सम्बंधित खबर