जिला आयुष सोसायटी की पहली बैठक, एडीडीसी ने आयुष सेवाओं व आधारभूत ढांचे की समीक्षा की
- Neha Gupta
- Jul 07, 2026

कठुआ, 07 जुलाई । जिला आयुष सोसायटी की पहली बैठक मंगलवार को अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसमें जिले में आयुष संस्थानों के कार्य, आधारभूत ढांचे के विकास और विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. राकेश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना, सहायक आयुक्त विकास अखिल सदोत्रा, जिला पंचायत अधिकारी आमिर चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि जिले में 57 आयुष संस्थानों जिनमें 42 आयुष आरोग्य मंदिर शामिल हैं के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। बैठक में आयुष पब्लिक हेल्थ प्रोग्राम के तहत योग और सुप्रजा, वयो मित्र, आयुर विद्या व कारुण्य जैसी आयुर्वेदिक योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। साथ ही जीएमसी कठुआ में विशेष आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। आधारभूत ढांचे की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बिलावर के मंडली में 50 बिस्तरों वाला आयुष अस्पताल लगभग तैयार है और इसे सितंबर तक जनता को समर्पित किया जाएगा जबकि भनोड़ में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी का निर्माण कार्य जारी है। एडीडीसी ने आयुर्वेद और योग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए संबंधित विभागों को सभी परियोजनाएं समय पर पूरी करने और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
---------------

