क्रान्तिकारियों के ​बलिदान से देश को मिली आजादी : मनोज

लखनऊ, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को जियामऊ स्थित विश्व संवाद केन्द्र और माडल हाउस स्थित केशव भवन संघ कार्यालय पर संघ के स्वयंसेवकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। ​​केशव भवन संघ कार्यालय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक व क्षेत्र के समग्र ग्राम विकास प्रमुख वीरेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सीमा जागरण मंच के क्षेत्रीय संयोजक अशोक केडिया और कार्यालय प्रमुख हरिशंकर समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं जियामऊ स्थित विश्व संवाद केन्द्र पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख मनोज ने ध्वजारोहण किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनोज ने कहा कि क्रान्तिकारियों के ​बलिदान के कारण देश को आजादी प्राप्त हुई है। इस आजादी को अक्षुण्य रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डा. हेडगेवार जन्मजात क्रान्तिकारी थे। उन्होंने कलकत्ता में पढ़ाई के दौरान क्रान्तिकारियों के साथ काम किया था। कलकत्ता से पढ़ाई करके लौटने के बाद नागपुर में कांग्रेस के साथ जुड़कर काम किया। सह क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख ने बताया कि डा. हेडगेवार ने जंगल सत्याग्रह कर जेल भी गये थे। उन्होंने पंच प्रण की चर्चा करते हुए कहा कि आज चहुंओर पर्यावरण का संकट है। इसलिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने की जरूरत है।

इस अवसर पर सह नगर संघचालक विजय विश्वकर्मा, सह नगर कार्यवाह शशिकांत, विश्व संवाद केन्द्र के कार्यालय प्रमुख संतोष, नगर व्यवस्था प्रमुख शिव कुमार तिवारी,विद्यार्थी कार्य प्रमुख अर्जुन, महाविद्यालयीन कार्य प्रमुख बृजेश पाठक, विश्वास मौर्य व अनिकेत समेत कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन यादव / राजेश

   

सम्बंधित खबर