सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्मारक पर किया ध्वजारोहण एवं पुष्पांजलि

Flag hoisting and floral tribute at Emperor Prithviraj Chauhan Memorial

अजमेर, 14 मई (हि.स.)। यशस्वी हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 860वीं जयंती समारोह के अंतर्गत सात दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज स्मारक पर ध्वजारोहण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।

भारतीय सिन्धू सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार तीर्थाणी ने कहा कि ऐसे महापुरुषों की जयंति मनाकर हम राष्ट्रभक्ति की भावना को युवाओं तक पहुंचाने की सेवा कर रहे हैं और आज ऐसे वीर महापुरुष की 860वीं जयन्ती पर उनकी वीरता व शौर्य से प्रेरणा ले रहे हैं। सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्दबेदी बाण चलाने में पारंगत थे और कवि चन्द्रवरदाई द्वारा कहे वाक्य चार बांस 24 गज, अंगल अष्ट प्रमाण, ता उपर सुल्तान है, मत चूके चौहान.... से विजयी बनाया। सम्राट पृथ्वीराज की कीर्ति दिग्दिगंत विस्तीर्ण थी। अजयमेरू से दिल्ली तक के वृहत साम्राज्य को संचालित करने वाले सम्राट पृथ्वीराज चौहान ने विदेशी आक्रमणों को कुचल दिया।

पूर्व उप महापौर सम्पत सांखला ने कहा कि 1996 में तत्कालीन नगर सुधार न्यास के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत के कार्यकाल में इस स्मारक को बनाने का उद्देश्य वीर सम्राट पृथ्वीराज चौहान के शौर्य, राष्ट्रभक्ति एवं गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना है। यह स्मारक देशभक्ति के साथ सनातन संस्कृति का प्रेरणा केन्द्र है जहां देशभर से देशभक्त व श्रृद्धालु आकर गौरवांवित महसूस करते हैं। मां चामुण्डा की नित्य पूजा अर्चना व दीर्घाओं से इतिहास से रूबरू होने का अवसर मिलता है।

सभी ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति के समक्ष पुष्प अर्पित करते हुये गगनभेदी नारों से माहौल गुजांयमान कर दिया। जब तक सूरज चांद रहेगा पृथ्वीराज चौहान तेरा नाम रहेगा, पृथ्वीराज चौहान तेरा यह बलिदान याद करेगा हिन्दुस्तान.., भारत माता की जय.., मां चामुण्डा के दर्शन व पूजन कर धर्म ध्वजा फहराई गई।

समारोह में मुकेश खींची, शैलेन्द्र सिंह परमार, दुर्गा प्रसाद शर्मा, देवदत डाबरा, राम धनवाणी, पदम सिंह चौहान, हेमलता डाबरा सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

समारोह के मुख्य आयोजन 17 मई 2026 को आयोजित होंगा जिसमें पर्यटन विभाग द्वारा सांस्कृतिक, देशभक्ति प्रस्तुति, पुरस्कार वितरण किया जाएगा। समारोह में नगर निगम अजमेर, अजमेर विकास प्राधिकरण, पर्यटन विभाग, भारत विकास परिषद के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सहयोग रहेगा। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन नागरिक, सदस्यगण, पदाधिकारी तथा युवा भाग लेंगे।

---------------

   

सम्बंधित खबर