सारण, 07 जून (हि.स.)। वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के दिशा-निर्देशन में छपरा जंक्शन पर आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की टीम को सफलता मिली है।
गाड़ी संख्या 04137 ग्वालियर-बरौनी स्पेशल एक्सप्रेस के छपरा जंक्शन पहुंचने पर, सुरक्षा बलों ने आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी के दौरान कोच संख्या बी एक के शौचालय के पास से तीन लावारिस पिट्ठू बैग बरामद किए।
बैगों की तलाशी लेने पर उनमें से अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद खेप में कुल 44 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 38,280 रुपए आंकी गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक विशाल, स.उ.निरी. बृज सुंदर कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार शाह, रामसूरत यादव और कांस्टेबल संजय यादव, मुकेश कुमार सिंह व अमित कुमार सिंह शामिल रहे।
जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी छपरा को सौंप दिया गया है, जहां बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा तीस ए के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
---------------

