भाजपा में शामिल हुईं राजद की पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा कुशवाहा
- Admin Admin
- Oct 25, 2025
पटना, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला जारी है। शनिवार काे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को झटका लगा है। पार्टी की पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा कुशवाहा ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हाथ थाम लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रतिमा कुशवाहा के भाजपा में शामिल हाेने पर कहा कि मतदाताओं ने मोदी जी की गारंटी और नीतीश कुमार के विकास एवं कानून के राज पर भरोसा जताकर अपना मन बना लिया है। प्रतिमा कुशवाहा ने राजद पर परिवारवाद और पैसे के बोलबाला का आरोप भी लगाया और कहा कि राजद ने केवल परिवार को आरक्षण दिया, जबकि एनडीए ने व्यापक आरक्षण सुनिश्चित किया है।
भाजपा में शामिल होने के बाद प्रतिमा कुशवाहा ने अपनी पुरानी पार्टी पर जमकर भड़ास निकाला। उन्होंने कहा कि राजद में सिर्फ परिवार की पूछ है और कुछ बाहरी लोग पार्टी और परिवार दोनों को तोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लालू प्रसाद यादव की पार्टी अब पहले जैसी नहीं रही और मैं छठी मैया से आशीर्वाद मांगती हूं कि एनडीए गठबंधन की सरकार बने, ताकि बिहार में विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी



