राेहतक: पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कांग्रेस विधायक को शहर के विकास को लेकर दी खुली चुनौती

भाजपा उम्मीदवार मनीष ग्रोवर बोले, सता में रहते हुए कांग्रेस विधायक ने कमरे में बैठकर सिर्फ खाई एसी की हवा, जनता से कोई लेना देना नहीं

रोहतक, 14 सितंबर (हि.स.)। रोहतक विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर ने कांग्रेस प्रत्याशी पर आरोप लगाया कि सता में रहते हुए उन्होंने शहर के विकास के लिए एक भी काम नहीं किया, सिर्फ एसी कमरे में बैठकर हवा खाने का काम किया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को शहर के विकास को लेकर खुले मंच पर बहस की चुनौती दी और कहा कि झूठ बोलने से कुछ नहीं होता है। शनिवार को भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर ने शहर में विभिन्न स्थानों पर जनसम्पर्क अभियान चलाया और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने दस साल में जनहित में अनेक काम किए है। शहर के विकास को लेकर जो भाजपा ने दस साल में काम किया है, वह आज तक कभी भी किसी सरकार ने नहीं किया है। शहर को जाम मुक्त किया, जोकि लोगों की सबसे बड़ी समस्या थी। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जलघरों का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी केवल झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रहे है। पूर्व मंत्री ने कहा कि शहर के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं रहेगी। केन्द्र में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पास शहरी विकास मंत्रालय है। पहले भी शहर के विकास के लिए भाजपा ने कोई कमी नहीं रहने दी और भविष्य में स्वच्छता के मामले में शहर इंदौर की तरह पहले नंबर पर होगा, इसके लिए बकायदा एक विजन तैयार किया गया है। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि एक वह समय था जब दुकानदारों से खुलेआम धमकिया दी जाती थी और बाजारो में गुंडागर्दी होती थी, लेकिन भाजपा के सता में आने के बाद आज व्यापारी पूरी तरह से सुरक्षित है और बिना भय के अपना काम कर रहे है। उन्होंने पूर्व सीएम हुड्डा पर भी निशाना साधा और कहा कि 2016 की घटना सबको याद है और रोहतक की जनता शहर को जलाने वालो को कभी माफ नहीं करेगी।

बिना खर्ची मिली नौकरियां

भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस के समय खर्ची पर्ची का सिस्टम चलता था, लेकिन जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई खर्ची पर्ची सिस्टम को बंद कर युवाओं को पारदिर्शता के आधार पर नौकरियां दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस का झूठ नहीं चलेगा और पूर्ण बहुमत से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों के चलते आज विश्व में भारत को अलग पहचान मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

   

सम्बंधित खबर