10वीं मंजिल से गिरकर चार साल की मासूम की मौत, मां लौटी तो नीचे खून से लथपथ मिली बेटी

नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। दिल्ली के गोविंदपुरी स्थित आशा किरण अपार्टमेंट में शनिवार रात दर्दनाक हादसे में 10वीं मंजिल से गिरकर चार साल की बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान वंशिका दास के रूप में हुई है। घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी। उसकी मां कुछ देर के लिए पड़ोसी के घर गई थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी मिथुन दास अपने परिवार के साथ आशा किरण अपार्टमेंट के ए-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर-1052 की 10वीं मंजिल पर रहते हैं। परिवार में पत्नी रूपा, 13 वर्षीय बेटा, चार वर्षीय वंशिका और सात माह की एक बेटी है। मिथुन गोविंदपुरी मार्केट में मछली बेचने का काम करते हैं। घटना के समय वह काम पर थे, जबकि बेटा बाहर खेलने गया हुआ था।

शनिवार रात रूपा खाना बना रही थीं। इसी दौरान सात माह की बेटी के रोने पर वह उसे पड़ोसन के पास छोड़ आईं। उस समय वंशिका बिस्तर पर सो रही थी। खाना तैयार होने के बाद रूपा छोटी बेटी को लेने पड़ोसी के घर चली गईं। कुछ मिनट बाद वापस लौटीं तो वंशिका कमरे में नहीं थी। उन्होंने बालकनी से नीचे झांककर देखा तो लोगों की भीड़ लगी थी। नीचे पहुंचीं तो उनकी बेटी खून से लथपथ ई-रिक्शा पर पड़ी मिली। पड़ोसियों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर गोविंदपुरी थाना पुलिस, जिले के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम टीम और एफएसएल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि गर्मी के कारण बालकनी का दरवाजा खुला था। नींद खुलने के बाद वंशिका बालकनी में पहुंची और नीचे झांकने के दौरान संतुलन बिगड़ने से गिर गई।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

   

सम्बंधित खबर