फतेहाबाद : लोन दिलवाने के नाम पर आंगनबाड़ी वर्कर से हजारों की ठगी
- Admin Admin
- Mar 02, 2025

फतेहाबाद, 2 मार्च (हि.स.)। लोन दिलवाने के नाम पर साइबर ठगों ने एक आंगनबाड़ी वर्कर से हजारों रुपये की राशि हड़प ली। इस बारे पीडि़त महिला द्वारा पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव बरसीन निवासी महिला सीता रानी ने कहा है कि वह आंगनबाड़ी वर्कर के तौर पर काम करती है। उसे पीएमजीपी योजना के अनुसार लोन लेना था। इसके सम्बंध में उसकी प्रियंका चौधरी, अहमदाबाद के साथ बात हुई। प्रियंका ने उसे लोन के लिए बार-बार सम्पर्क किया और कहा कि उसकी फाइल तैयार करनी है। फाइल तैयार करने का पैसा वह उनके पास भेज दी। सीता रानी ने कहा कि उक्त महिला ने उसके बातों में फंसाकर उसके अकाउंट नंबर से पहले 10 हजार रुपये औश्र बाद में 31300 रुपये डलवा लिए। इसके बाद उसे पता चला कि प्रियंका चौधरी नामक उक्त महिला ने लोन के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है और उससे 41300 रुपये हड़प लिए है। इस पर उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी बारे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा