आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों को निःशुल्क यात्रा होगी उपलब्ध: दयाशंकर सिंह

लखनऊ, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने रक्षाबंधन पर्व पर एवं आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों हेतु अतिरिक्त परिवहन सेवा सुलभ कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि 18 अगस्त से 01 सितम्बर, 2024 तक (15 दिन) की अवधि में अधिक से अधिक बसों का संचालन कराया जाए, जिससे कि लोगों को रक्षाबंधन पर्व पर एवं आरक्षी पुलिस भर्ती के समय आवागमन में कोई असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि उक्त अवधि में शत-प्रतिशत बसों को आनरोड किया जाए। बसों में आवश्यक कलपुर्जे एवं असेम्बलीज की व्यवस्था पूर्व से करा ली जाए। इस दौरान विषम परिस्थितियों को छोड़कर सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। कोई भी अधिकारी कार्य स्थल से बिना सूचना दिये नहीं छोड़ेगा।

परिवहन मंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर 18 अगस्त, 2024 की मध्य रात्रि 12 बजे से 19 अगस्त, 2024 की मध्य रात्रि 12 बजे तक सभी महिलाओं को परिवहन निगम निःशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध करायेगी। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार दिनांक 22 अगस्त, 2024 से 26 अगस्त, 2024 एवं 29 अगस्त, 2024 से 01 सितम्बर, 2024 को आरक्षी पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों को भी परिवहन निगम निःशुल्क सेवा उपलब्ध करायेगी। अभ्यर्थियों को निःशुल्क यात्रा एग्जाम डेट के 24 घंटे पूर्व से 24 घंटे पश्चात तक ही अनुमन्य होगी। आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान परिचालक को एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) की छायाप्रति देनी होगी। यह अनिवार्य है, बिना छायाप्रति उपलब्ध कराये निःशुल्क यात्रा प्रदान नहीं की जायेगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की छायाप्रति आते एवं जाते समय दोनों तरफ परिचालक को अनिवार्यतः देनी होगी।

एडिशनल एमडी परिवहन निगम राम सिंह वर्मा ने परिवहन मंत्री के निर्देश पर रक्षाबंधन पर्व पर एवं आरक्षी भर्ती के समय आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बसों का संचालन कराये जाने के निर्देश सभी क्षेत्रीय परिवहन निगम के अधिकारियों को दिये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन यादव / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर