बिहार और केरल के राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, नितिन गडकरी ने दिए तेजी लाने के निर्देश

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को बिहार और केरल में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। नई दिल्ली में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति का आकलन किया और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, बैठक के दौरान गडकरी ने संबंधित परियोजनाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि जनता को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि इन रणनीतिक राजमार्ग गलियारों के समय पर पूरा होने से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। इससे यात्रा समय और लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा देश के सड़क अवसंरचना नेटवर्क को अधिक आधुनिक, कुशल और भविष्य के अनुरूप बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारा परियोजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर