गोविंद देवजी मंदिर में राष्ट्र शक्ति जागरण गायत्री महायज्ञ रविवार को
- Admin Admin
- May 10, 2025

जयपुर, 10 मई (हि.स.)। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को पंच कुंडीय राष्ट्र शक्ति जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और समर्थ एवं शक्तिशाली भारत निर्माण के लिए होने वाले महायज्ञ में सैनिकों के शौर्य वद्र्धन के लिए आहुतियां प्रदान की जाएंगी। इससे पूर्व विश्व शांति के लिए गायत्री एवं महामृत्युजंय महामंत्र से 108 आहुतियां प्रदान की जाएंगी। प्रारंभ में ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी, वेदमाता गायत्री, गायत्री परिवार के संस्थापक युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, भगवती देवी शर्मा का पंचोपचार पूजन किया जाएगाा।
बुद्ध पूर्णिमा पर गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ अभियान
गृहे गृहे गायत्री महायज्ञ अभियान के अंतर्गत गायत्री परिवार की ओर से बुद्ध पूर्णिमा सोमवार, 12 मई को देश में 24 लाख, राजस्थान में एक लाख और जयपुर में 11 हजार स्थानों पर एक ही समय पर हवन किया जाएगा। इसमें एक करोड़ से अधिक आहुतियां दीं जाएंगी। जयपुर जिले में 11 हजार स्थानों पर होने वाले यज्ञ में 2200 किलो हवन सामग्री, 2800 किलो घी और 11 हजार किलो हवन सामग्री लगने का अनुमान है। दावा किया जा रहा है कि इस महा आध्यात्मिक प्रयोग से निकलने वाली ऊर्जा से देश को महाशक्ति बनने से कोई भी ताकत नहीं रोक पाएगी। एक साथ एक समय पर घर-घर गायत्री महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर है। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मानसरोवर, मुरलीपुरा, हरमाड़ा, प्रतापनगर, सांगानेर, वैशालीनगर, जनता कॉलोनी, झोटवाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में घर-घर जाकर हवन सामग्री के किट और पत्रक वितरित किए। जिनके पास किट नहीं पहुंचे है उनसे आग्रह किया जा रहा है कि पूजन और हवन सामग्री घर से जुटाकर हवन करें। किट के साथ हवन विधि के लिए ऑनलाइन लिंक भी भेजा जा रहा है। राष्ट्र पर मंडराए संकटों के निवारण, सभी की सुख-शांति-समृद्धि और पर्यावरण संवद्र्धन के लिए हो रहे इस महा प्रयोग में अनेक संस्थाएं सहयोग कर रही है। गायत्री परिवार के सभी शक्तिपीठ, चेतना केन्द्र, प्रज्ञा मंडल, युवा मंडल, महिला मंडल , नव चेतना विस्तार केन्द्र, गायत्री प्रज्ञा पीठों, मंदिरों में सामूहिक रूप से यज्ञ होगा। घरों के अलावा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, मंदिरों और कॉलोनियां में यज्ञ कराया जाएगा। यज्ञ के लिए यूट्यूब, इंटरनेट, सोशल मीडिया में इसका वीडियो अपलोड किए गए हैं। यज्ञ सामग्री स्थानीय शक्ति पीठ, प्रज्ञा पीठ और प्रज्ञा मंडलों के माध्यम निशुल्क वितरित की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश