गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग, 26 बीघा फसल जलकर राख

फतेहपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले में मंगलवार को गेहूं की पकी खड़ी फसल में अज्ञात कारणों से आग लग जाने से आधा दर्जन किसानों की लगभग 26 बीघा खड़ी फसल जल कर राख हो गई। ग्रामीणों द्वारा एक घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के डेढ़ घंटे बाद अग्नि‌ शमन दल की गाड़ी‌ पहुँच सकी।

थाना क्षेत्र के गांव बंथरा एवं चन्दीपुर के समीप दोपहर एक बजे के करीब खेतों मे गेहूं की तैयार खड़ी फसल में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई जिसमें बंथरा गांव के राजेश सचान रामबाबू सचान, राम आसरे कुशवाहा, देवकरन सचान, कमल सचान, राम नारायन सचान, रणधीर कुशवाहा आदि किसानों की करीब 26 बीघा गेहूं की तैयार फसल आग की चपेट में आकर धू - धू कर जलने लगी। आग की लपटें देखकर आस पास खेतों में काम कर रहे बंथरा सहित चंदीपुर गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंच कर थाना पुलिस व फायर बिग्रेड को सूचना दी। दोनों गांवों के ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया अग्निकांड की सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर फायर बिग्रेड बिन्दकी की गाड़ी पहुंची। तब तक ग्रामीणों द्वारा आग पर नियंत्रण पा लिया गया था। अग्निकांड की सूचना पर तहसीलदार अचिलेश सिंह व हल्का लेखपाल शुभम सिंह ने मौके पर पहुंचकर आग से हुऐ नुकसान का मौका मुआयना किया।

तहसीलदार अचिलेश सिंह ने बताया कि करीब बीस बीघा गेहूं की फसल जली है आग से नुकसान हुऐ किसानों के आनलाइन फार्म भरवाए गये हैं किसानों के नुकसान का हरसंभव मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

   

सम्बंधित खबर